रायगढ़। रायगढ़ जिले की चक्रधरनगर पुलिस ने कोतरलिया मेन रोड पर हुई मोबाइल झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी आपस में चाचा-भतीजा हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
31 मई को दर्ज हुई थी झपटमारी की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार प्रार्थी लोकेश कुमार चंद्रा (45), निवासी पक्की खोली, चक्रधरनगर ने 31 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 मई की सुबह कोतरलिया मेन रोड पर डीपीएस स्कूल के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उनके दो मोबाइल फोन छीनकर धक्का देते हुए फरार हो गए। मामले में थाना चक्रधरनगर में बीएनएस की धारा 304 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध दिनेश यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने भतीजे शुभम यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि भागते समय एक सैमसंग मोबाइल सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे बाद में रेलवे ट्रैक के पास गुजर रही मालगाड़ी में फेंक दिया गया, जबकि वीवो मोबाइल अपने पास छिपाकर रखा था।
वीवो मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस ने दिनेश यादव के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल तथा शुभम यादव के कब्जे से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, प्रधान आरक्षक दिलीप भानु एवं आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गिरफ्तार आरोपी
- दिनेश यादव (34), निवासी गिरवानी, हाल मुकाम छातामुड़ा रोड, रायगढ़।
- शुभम यादव (18), निवासी छातामुड़ा रोड, रायगढ़।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट और झपटमारी जैसे अपराध करने वालों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं है। तकनीकी जांच, ह्यूमन इंटेलिजेंस और सतत विवेचना के माध्यम से ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




