विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने पर जोर, अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों में नियमित निगरानी के निर्देश
योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी निगरानी पर जोर
बलरामपुर, 21 अगस्त 2026। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों का असर मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं की निगरानी करने तथा कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ देने के निर्देश
बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन तथा एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा की गई। मंत्री ने किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
हर घर मुनगा लगाने पर जोर
मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की जानकारी ली। उन्होंने हर घर मुनगा अभियान को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है, इसलिए इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया, ताकि महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने स्कूलों में न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और उचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंपों का तत्काल सुधार कराने तथा जलस्रोतों के संरक्षण एवं जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
स्वास्थ्य और पशुपालन योजनाओं की भी समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री ने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण, गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में चिन्हांकन एवं सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा एवं बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी मंत्री को दी।
पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने पंजीबद्ध अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी ने विभागीय कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित मुनादी कराने और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि श्री बलवंत सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




