ओडिशा के सुंदरगढ़ में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान, इलाके में अफरा-तफरी

By
Advertisement
Advertisement

राजगांगपुर के पास रविवार सुबह हुआ बड़ा हादसा

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर शहर में बीजू एक्सप्रेस-वे के समीप पादा जामपाली स्थित एटिट्यूड एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड टायर फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में फैक्ट्री जलकर राख हो गई।

5 किलोमीटर तक फैला काला धुआं, प्रदूषण से बढ़ी चिंता

आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। जहरीले धुएं और राख के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया। राहगीरों को आंखों में जलन की शिकायत हुई, वहीं खेतों में खड़ी सब्जियों पर काले कण गिरने से किसानों ने नुकसान की आशंका जताई है।

फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कारखाने में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। बताया गया कि आग लगने के समय अंदर करीब 15 श्रमिक और प्रबंधक मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

6-7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग बुझाने के लिए डालमिया सीमेंट भारत की दमकल गाड़ियों के साथ राउरकेला, रानीबंध और कुतरा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 से 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक लाखों रुपये के टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे।

बॉयलर फटने की आशंका, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही राजगांगपुर थाना प्रभारी विजय केसरी दास मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सेकेंडरी बॉयलर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Advertisement
Share This Article