बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, ईटपाल क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

By
Advertisement
Advertisement

जगदलपुर। बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आगजनी की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम जब तक आग पर काबू पाती तब तक हजारों बोरा तेंदूपत्ता जलकर स्वाहा हो चुका था। इस आगजनी में करोड़ो के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर वन विभाग के किराए के तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। वहां रखे लगभग 18 हजार बोरे जलकर खाक हो गए। इस आगजनी में 10 करोड़ रूपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची 
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।  आग की भयावता को देखते हुए वन विभाग, पुलिस और नगर पालिका की टीम के अलावा सीआरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में लग गए। वन विभाग ने तेंदूपत्ता स्टोरेज के लिए गोदाम को किराए पर लिया था जहां 10 दिनों में तेंदूपत्ता का लगभग 18 हजार बोरा रखा गया था।

10 करोड़ नुकसान की संभावना
बीजापुर डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि, विभाग ने यह निजी गोदाम किराए पर लिया था। पिछले दस दिनों से यहां तेंदूपत्ता का भंडारण किया जा रहा था। अब तक करीब 18 हजार से अधिक मानक बोरे जमा किए जा चुके थे जो पूरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि नुकसान का प्रारंभिक आंकलन लगभग 10 करोड़ रुपये तक का है।

Advertisement
Share This Article