अलसुबह उठीं आग की लपटें, दमकल और स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
बलरामपुर/रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित स्टेट बैंक रोड पर मंगलवार अलसुबह एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
टहलने निकले लोगों ने दी सूचना
अलसुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को सूचना दी। इसके बाद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
दमकल के साथ स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे दुकान में फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड वाहन का पानी समाप्त होने के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी। इसके बाद नगर पालिका के पानी के टैंकर और स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।
दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा अधिकांश कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी अग्नि दुर्घटना
रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही अग्नि दुर्घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




