मरवाही। पत्रकारों की एकता, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा देने के उद्देश्य से मरवाही प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें पत्रकारों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया।
प्रयास कैवर्त को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
बैठक में सभी सदस्यों की सहमति से प्रयास कैवर्त को मरवाही प्रेस क्लब का अध्यक्ष चुना गया। वहीं सूरज यादव को सचिव, राजेंद्र सोनी को कोषाध्यक्ष, श्रीनिवास सुमेर को सह सचिव, महेश पटस्कर को मीडिया प्रभारी और सीता पवन बनाफर को महिला विंग प्रभारी बनाया गया।
वरिष्ठ पत्रकारों को बनाया गया संरक्षक सदस्य
संगठन को मजबूत मार्गदर्शन देने के लिए वरिष्ठ पत्रकार मुरारी लाल रैदास, वीरेंद्र पाण्डेय, अमित तिवारी और योगेंद्र सिंह नहरेल को संरक्षक सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
पत्रकार हित और जनसरोकार को प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रयास कैवर्त ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरवाही प्रेस क्लब पत्रकारों की आवाज को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना तथा समाज और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। प्रेस क्लब जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएगा और पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण, संवाद कार्यक्रम एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करेगा।
नई कार्यकारिणी को मिली शुभकामनाएं
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में मरवाही प्रेस क्लब निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता की परंपरा को और मजबूत करेगा।




