बिलासपुर (चकरभाठा)। शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बाद में जातिगत कारणों का हवाला देकर शादी से इनकार करने के आरोप में चकरभाठा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
25 अगस्त को थाने पहुंची पीड़िता
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 25 अगस्त को थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रंजीत गिरी गोस्वामी ने शादी का वादा कर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी दूसरी जाति होने का हवाला देते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा थाना स्तर पर टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर घेराबंदी करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत गिरी गोस्वामी (25), पिता दिनेश पूरी गोस्वामी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तेलियापुरान, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली का निवासी बताया गया है और वर्तमान में वार्ड नंबर 12, विकासनगर, चकरभाठा में रहता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69 के तहत कार्रवाई की है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़


