छातामुड़ा चौक पर सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई, 24 भारी वाहनों से 49,300 रुपये जुर्माना वसूला

Advertisement
Advertisement

रायगढ़,। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स ने छातामुड़ा चौक सहित प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

सार्वजनिक मार्ग बाधित करने पर ट्रक मालिक के खिलाफ एफआईआर

अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर भारी वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने के मामले में एक ट्रक मालिक के खिलाफ थाना जूटमिल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क पर आवागमन बाधित करने या यातायात व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

24 भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर यातायात प्रभावित करने वाले 24 भारी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 49 हजार 300 रुपये का जुर्माना मौके पर वसूला गया।

नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए

अभियान के दौरान हाईवे किनारे नालियों के ऊपर अवैध रूप से लगाए गए दो ठेलों को भी हटाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सड़क किनारे आवागमन को सुगम बनाना रहा।

एफसीआई से छातामुड़ा तक ट्रक खड़ा नहीं करने के निर्देश

अधिकारियों ने वाहन मालिक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि एफसीआई से छातामुड़ा चौक तक सड़क के दोनों ओर ट्रकों की पार्किंग नहीं की जाए।

अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है। इसलिए वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएं।

गैरेज संचालकों को अंतिम चेतावनी

सड़क किनारे संचालित गैरेज संचालकों को भी अंतिम चेतावनी दी गई। उन्हें सार्वजनिक सड़क पर भारी वाहन खड़ा करके मरम्मत का काम नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर वाहन खड़ा कर मरम्मत करते पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लगातार जारी रहेगा अभियान

यह संयुक्त कार्रवाई अपर कलेक्टर अपूर्व टोप्पो, डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह, जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू और अनुविभागीय अधिकारी एनएच महेश गुप्ता के नेतृत्व में की गई।

जिला प्रशासन ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण तथा यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने वाहन मालिकों, गैरेज संचालकों और आम नागरिकों से सड़क एवं हाईवे की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article