रायपुर। रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा की आड़ में भर्ती करने के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा होने की जानकारी सीबीआई को मिली है। स्पोर्ट्स कोटा में भर्ती के नाम पर पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी व इंजीनियरिंग विभाग के डीएमएस बी. राजशेखर राव, महिला वेटलिफ्टर व टीटीई रामालक्ष्मी ने पूछताछ में सीबीआई के सामने कई अहम खुलासे किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में बी. राजशेखर, रामालक्ष्मी ने स्पोर्ट्स कोटा में भर्ती के नाम पर रिश्वतखोरी के खेल में विभागीय के साथ बाहरी लोगों के रैकेट संचालित होने की
सीबीआई को जानकारी दी है। स्पोर्ट्स कोटा की आड़ में भर्ती में फर्जीवाड़े का खेल पिछले पांच साल से चल रहा है। फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने के बाद सीबीआई इनपुट तलाश रही थी। इस दौरान रेलवे के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट से जुड़े बी. राजशेखर तथा टीटीई रामालक्ष्मी के बारे में सीबीआई को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी दौरान सीबीआई के पास स्पोर्ट्स कोटा में भर्ती करने रिश्वत लेने की लिखित में शिकायत मिली। इसके बाद सीबीआई ने रेलवे के दोनों कर्मियों के ठिकाने पर छापे की कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम जब्त की।
एक दर्जन अभ्यर्थियों के आवेदन मिले
सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के ठिकानों की तलाशी के दौरान स्पोर्ट्स कोटा में भर्ती के लिए एक दर्जन से ज्यादा अभ्यर्थियों के आवेदन मिले हैं। सीबीआई के अफसर अभ्यर्थियों के आवेदन मिलने को लेकर बी. राजशेखर तथा रामालक्ष्मी से पूछताछ कर रहे हैं। सीबीआई को आशंका है कि जिन लोगों के आवेदन मिले हैं, कहीं उन लोगों से भर्ती कराने के नाम पर पूर्व में पैसों का लेन-देन तो नहीं हुआ है।
अफसरों से होगी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्पोर्ट्स कोटा के नाम पर रिश्वतखोरी में रेलवे के कई और अधिकारियों के शामिल होने की जानकारी सीबीआई के अधिकारियों को दी है। साथ ही रेलवे भर्ती फर्जीवाड़े में अन्य बाहरी लोगों के शामिल होने की जानकारी सीबीआई के अफसरों को मिली है। आरोपियों से जिन अफसरों के नाम सीबीआई को मिले हैं, उन अफसरों को पूछताछ करने सीबीआई जल्द ही उन्हें तलब कर सकती है।
अभ्यर्थियों से पूछताछ की तैयारी
बी. राजशेखर, रामालक्ष्मी के ठिकानों से जिन दर्जनभर से ज्यादा अभ्यर्थियों के आवेदन मिले हैं, सीबीआई के अफसर उन अभ्यर्थियों को तलब कर उनसे भी पूछताछ कर सकते है। सीबीआई को रेलवे भर्ती के लिए स्पोर्ट्स कोटा में पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने की आशंका है। इसके लिए सीबीआई रेलवे में एक दशक के भीतर स्पोर्ट्स कोटा में भर्ती के दस्तावेजों की अलग से जांच कर सकती है।


