बिलासपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरकंडा चौकी मोपका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलोग्राम गांजा के साथ 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इलेक्ट्रिक ऑटो और लाखों रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 46.75 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 17-18 मई 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ जा रहे दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर जा रही हैं। सूचना के बाद पुलिस, गवाहों और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी की।
बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा
रेड कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार 8 महिलाओं को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर रखे गए 86 पैकेट गांजा बरामद किए गए। सभी पैकेट खाकी टेप से लिपटे हुए थे। जब्त गांजे का कुल वजन लगभग 90 किलोग्राम बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
