अंबिकापुर, 25 जून 2026। किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने के मामले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेहरूनगर (डीगमा) स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र से 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर केंद्र को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद जिले के उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन 1076 में एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नेहरूनगर (डीगमा) स्थित मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचा जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने तत्काल जांच शुरू की।
डिजिटल साक्ष्यों से शिकायत सही पाई गई
जांच के दौरान शिकायतकर्ता किसान के बयान और खाद खरीद के लिए किए गए ऑनलाइन भुगतान के डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में अधिक दर पर खाद बिक्री की पुष्टि होने पर कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने 25 जून को विक्रय केंद्र पर औचक निरीक्षण किया।
3219 बोरी उर्वरक जब्त, केंद्र सील
निरीक्षण के दौरान परिसर में मौजूद संपूर्ण उर्वरक स्टॉक को जब्त कर लिया गया। साथ ही विक्रय केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई जिला कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश और उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में की गई।
विभाग की सख्त चेतावनी
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसानों से अधिक राशि वसूलने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक जे. आलम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीताराम भगत सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


