🚨 चम्पा यादव को गांजा उपलब्ध कराने वाला आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव जशपुर के पत्थलगांव से दबोचा गया
🚨 मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से पूरे नेटवर्क का खुलासा, नकद रकम, बाइक और मोबाइल फोन जब्त
🚨 नशे के अवैध कारोबार की सप्लाई चेन तक पहुंचकर रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी
🚨 “नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, एंड-टू-एंड कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी”— एसएसपी शशि मोहन सिंह
23 जून, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कापू पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर चिंतामणी उर्फ चेता यादव को जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
महिला तस्कर की गिरफ्तारी से शुरू हुई जांच
03 जून 2026 को थाना कापू पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में कार्रवाई करते हुए आरोपिया चम्पा यादव (58 वर्ष) के कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग ₹13,000 आंकी गई। पूछताछ में आरोपिया ने गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव से प्राप्त करना बताया था। इसके बाद थाना कापू में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से खुला पूरा नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल्स का विश्लेषण किया, जिसमें चम्पा यादव और चिंतामणी उर्फ चेता यादव के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई। इसी तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पत्थलगांव में दबिश देकर गिरफ्तारी
कापू पुलिस टीम ने जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव (30 वर्ष), निवासी कोडेकेला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चम्पा यादव को ₹6,500 में गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।
उसके कब्जे से ₹2,000 नकद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (CG-14-MR-9024), आरसी कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस का संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस केवल छोटे आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी:
चिंतामणी उर्फ चेता यादव, निवासी कोडेकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
जप्ती: ₹2,000 नकद, मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, आरसी कार्ड




