राजस्थान क्रिकेट को एक बड़ा झटका लगा है। इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अब घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का साथ छोड़कर गुजरात का रुख कर लिया है। वह आगामी बीसीसीआई घरेलू सीजन में गुजरात की टीम से खेलते नजर आएंगे।
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें राज्य परिवर्तन के लिए आवश्यक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है। अशोक शर्मा ने अपने फैसले के पीछे बेहतर अवसर और करियर ग्रोथ को मुख्य कारण बताया है। उन्होंने कहा कि नए राज्य में उन्हें आगे बढ़ने और खुद को साबित करने के अधिक मौके मिलेंगे।
इसी बीच राजस्थान क्रिकेट को एक और बड़ा झटका लगा है। एक अन्य युवा तेज गेंदबाज गणेश सुथार ने भी राज्य बदलने का फैसला किया है और अब वह हरियाणा की ओर से खेलेंगे। उन्हें भी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन से एनओसी मिल चुकी है। हालांकि गणेश सुथार ने अभी सीनियर स्तर पर डेब्यू नहीं किया है, लेकिन अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में 8 मैचों में 37 विकेट लेकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।
अशोक शर्मा का जाना राजस्थान क्रिकेट के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए उन्होंने 6 मैचों में 6 विकेट लिए थे। हालांकि उनका इकॉनमी रेट 10.85 रहा, लेकिन उनकी तेज रफ्तार और बाउंस निकालने की क्षमता ने क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित किया था।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी अशोक शर्मा ने 4 मैचों में 14 विकेट लिए हैं, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में 7 मैचों में 13 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। उनकी लगातार तेज गेंदबाजी और आक्रामक अंदाज ने उन्हें एक उभरते हुए प्रतिभाशाली गेंदबाज के रूप में स्थापित किया है।
राजस्थान क्रिकेट पहले भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खो चुका है। ऐसे में अशोक शर्मा का यह फैसला राज्य क्रिकेट के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।


