सरगुजा पुलिस की अवैध मादक पदार्थों पर सख्त कार्रवाई, कोतवाली पुलिस ने दुकान से किया खुलासा
अम्बिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में NDPS एक्ट (NDPS Act) के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस (Kotwali Police) ने गांजा बिक्री के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मुखबिर सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई, दुकान पर दबिश
पुलिस को 06 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अम्बिकापुर के केदारपुर क्षेत्र, नगर निगम पानी टंकी के सामने स्थित “सोनू डेली नीड्स” दुकान में अवैध रूप से गांजा रखा गया है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई।
मौके पर दुकान में दो व्यक्ति बैठे मिले, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम शिवम सोनी उर्फ सोनू (28 वर्ष) और नरेश सोनी (56 वर्ष), निवासी केदारपुर, अम्बिकापुर बताया। दोनों ने गोलमोल जवाब दिए, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई।
डीप फ्रीजर के पीछे छिपाया गया था गांजा, 3 किलो बरामद
तलाशी के दौरान दुकान के डीप फ्रीजर के पीछे कपड़े के झोले में छिपाकर रखा गया सफेद-पीले रंग का बिमल पान मसाला पैकेट मिला, जिसके अंदर गांजा रखा हुआ था। इसका कुल वजन लगभग 03 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजा को गवाहों के समक्ष जप्त कर विधिवत सील कर दिया। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सउनि देवनारायण यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनुराग वर्मा, महेश कुमार, आशी झा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, साइबर सेल से आरक्षक देवेन्द्र पाठक, अनुज जायसवाल, अमन पुरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।




