जशपुर, कांसाबेल क्षेत्र। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 38 नग गौवंशों को मुक्त कराया है। हालांकि तस्करी में शामिल ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 में बड़ी संख्या में गौवंशों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना कांसाबेल पुलिस ने बेला घाट क्षेत्र में तत्काल नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
पुलिस को देखते ही ट्रक चालक वाहन को रोकने के बजाय तेज गति से भगाने लगा। पीछा करने पर चालक ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक को सड़क किनारे छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
ट्रक से 38 गौवंश बरामद, पशु चिकित्सक से जांच
तलाशी के दौरान ट्रक को त्रिपाल से ढका पाया गया। जब त्रिपाल हटाया गया तो उसमें 38 गौवंशों को बेरहमी से ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
ट्रक जब्त, गौ तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा — एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में गौ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, एएसआई नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, गोविंद नायक, आरक्षक शरद बेहरा और कमल शांति खलखो की अहम भूमिका रही।


