रायपुर में बड़ी कार्रवाई: कुख्यात ‘लेडी डॉन’ मुस्कान रात्रे जिला बदर, 3 महीने तक 6 जिलों में प्रवेश पर रोक

Advertisement
Advertisement

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कुख्यात लेडी डॉन मुस्कान रात्रे को जिला बदर कर दिया है। उस पर अवैध शराब, गांजा बिक्री, मारपीट, धमकी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

20 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्तता

पुलिस के अनुसार मुस्कान रात्रे के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मध्य जिला पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। वह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों में सक्रिय बताई जा रही थी।

रायपुर समेत 6 जिलों से 3 महीने के लिए निष्कासित

पुलिस कमिश्नर रायपुर ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(ख) के तहत आदेश जारी करते हुए उसे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों की सीमाओं से 3 महीने के लिए बाहर रहने का निर्देश दिया है।

अवैध गतिविधियों से फैला था डर का माहौल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार से जुड़ी थी, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। स्वतंत्र गवाहों के बयान और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर यह निर्णय लिया गया।

पुलिस की सख्त चेतावनी

डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि नशे और अपराध से जुड़े अन्य लोगों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Advertisement
Share This Article