महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: 312 किलो गांजा जब्त, अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में पुलिस ने 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

NH-53 पर नाकेबंदी में पकड़ा ट्रक, बोरियों में मिला गांजा
पुलिस ने अकलतरा-रेहटीखोल एनएच-53 मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान ट्रक (KA13 D-7710) को रोककर तलाशी ली। ट्रक में सवार आरोपी इम्तियाज खान (कर्नाटक) और रवि प्रकाश राउतकर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ में बोरियों में भरे गांजे का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाकर मुंबई में खपाने की योजना थी।

1.71 करोड़ की संपत्ति जब्त, ट्रक और मोबाइल भी बरामद
कार्रवाई के दौरान 312.590 किलो गांजा (कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये), एक ट्रक (करीब 15 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (8 हजार रुपये) जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

12 घंटे में ओडिशा से 3 और आरोपी दबोचे
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बरहमपुर (ओडिशा) से नदीम अंसारी, जियाउल हक और सुखविंदर उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया। इनके पास से टोयोटा अर्बन क्रूजर कार (MP50 ZG 2025) भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल तस्करी नेटवर्क में किया जा रहा था।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क, फाइनेंशियल जांच भी शुरू
जांच में सामने आया कि गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। नेटवर्क कर्नाटक, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक फैला हुआ है। पुलिस अब सोर्स, डेस्टिनेशन और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है।

3 महीने में 46 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 68 मामलों में कुल 4681.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 132 आरोपी अन्य राज्यों से जुड़े हैं।

NDPS एक्ट में कार्रवाई, सभी आरोपी जेल भेजे गए
सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article