“ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई, 18 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

उड़ीसा से रायगढ़ में स्कूटी के जरिए गांजा खपाने की थी साजिश, साइबर व चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त नाकेबंदी में दबोचे गए आरोपी

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में लगातार दूसरे दिन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।


गुप्त सूचना पर की गई नाकेबंदी, स्कूटी से पकड़े गए संदिग्ध

पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक नीले रंग की हीरो डेस्टिनी प्राइम स्कूटी में तीन व्यक्ति अवैध गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की।

कुछ समय बाद संदिग्ध स्कूटी आते ही पुलिस ने उसे रोककर जांच की, जिसमें तीन युवक सवार पाए गए।


तलाशी में दो बोरियों से बरामद हुआ 18 किलो से अधिक गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव बताया। तलाशी के दौरान आरोपी हेमसागर यादव के पास रखे दो बोरों से अवैध गांजा बरामद हुआ।

गवाहों की मौजूदगी में वजन कराने पर कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 81 हजार रुपये बताई गई है।


स्कूटी, मोबाइल और कुल 2.11 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों से गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी, एक Vivo Y100A मोबाइल फोन सहित कुल करीब 2 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करने की बात स्वीकार की है।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, तीनों आरोपी गिरफ्तार

तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम, निरीक्षक विजय चेलक सहित कई अधिकारियों एवं स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

 

Advertisement
Share This Article