अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने लगातार 10 दिनों तक तलाश और तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

लोकेशन बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा
पुलिस के अनुसार आरोपी तरुण कुमार जायसवाल घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी अपना मोबाइल बंद कर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और संपर्क करने के लिए राहगीरों से मोबाइल मांगकर बातचीत करता था।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में देवघर, वासुकीनाथ, पुरी, रांची सहित कई संभावित स्थानों पर दबिश दी और अंततः पटना बिहार से उसे गिरफ्तार किया।
5000 रुपये इनाम की गई थी घोषणा
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए 5000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
दुष्कर्म मामले में दर्ज था अपराध
थाना कोतवाली अंबिकापुर में आरोपी तरुण जायसवाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था।
लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के नाम से जारी लाइसेंसी शस्त्र 12 बोर डीबीबीएल बंदूक और उसका लाइसेंस भी जब्त किया है। आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त होने के बाद पुलिस द्वारा उसके घर से हथियार जब्ती की कार्रवाई की गई थी।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज कराया और वाहन नंबर के आधार पर उसकी यात्रा संबंधी जानकारी जुटाई। इसके अलावा आरोपी और उसके संपर्क में रहे संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई।
लगातार निगरानी और तलाश के बाद आरोपी को पटना बिहार पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया। न्यायालय पटना बिहार से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को अंबिकापुर लाया जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




