सरगुजा आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई: 42 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Advertisement
Advertisement

सूरजपुर/सरगुजा। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 42 नग नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी प्रदीप राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में दबिश

जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम 27 जून 2026 को थाना जयनगर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महुआरी अरसोता जंगल में एक व्यक्ति नशीले इंजेक्शन की बिक्री कर रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने जंगल में घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस वाहन देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

42 नशीले इंजेक्शन बरामद

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप राजवाड़े (निवासी कमलापुर, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से थैले में रखे 21 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 21 नग AVIL इंजेक्शन बरामद हुए। इसके साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

नशे के सौदागरों पर सख्त निगरानी

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा और आसपास के जिलों में नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई जारी है। यह सूरजपुर जिले में इस तरह की पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता और रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article