कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौवंश वध और गोमांस बिक्री के आरोप में दो गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर | संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय

बिलासपुर जिले के कोटा थाना पुलिस ने गौवंश के अवैध वध एवं गोमांस विक्रय के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम गोमांस, घटना में प्रयुक्त हथियार तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में गौवंश के अवैध वध एवं मांस परिवहन तथा बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस को 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दर्रीकापा निवासी राहुल अनंत और राकेश अनंत अपने घर में अवैध रूप से गौवंश का वध कर गोमांस का संग्रहण एवं विक्रय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश अनंत (36 वर्ष) एवं राहुल अनंत (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम गोमांस एवं हड्डियां, दो खुरपा, दो टंगिया तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BK 9940 जब्त की है।

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299(3) सहित छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक नहारूराम साहू, पीएसआई ऊषा निषाद, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह, उमाशंकर राठौर, आरक्षक संजय श्याम, ज्वाला सिंह एवं दीप कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article