नारायणपुर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 44.6 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

विशेष अभियान के तहत 01 मार्च 2026 को दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर की गई प्रभावी कार्रवाई

नारायणपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 01 मार्च 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर सघन घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। दोनों प्रकरणों में कुल 44.6 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुल जब्ती मूल्य लगभग ₹1,45,000 आंका गया है।

साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में पहली कार्रवाई, एक्टिवा स्कूटी सहित 18 बल्क लीटर शराब जब्त

पहली कार्रवाई साप्ताहिक बाजार क्षेत्र, नारायणपुर के पास की गई, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी 21 एफ 9826 सवार एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरत व्यापारी (52 वर्ष), निवासी बखरापारा, थाना व जिला नारायणपुर बताया।
तलाशी के दौरान पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे दो कार्टून से 750 मिलीलीटर की 24 नग अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 18 बल्क लीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹70,000 आंकी गई है। आरोपी के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।

नारायणपुर-कोंडागांव मार्ग पर दूसरी कार्रवाई, मोटरसाइकिल सवार से 26.6 बल्क लीटर शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई नारायणपुर-कोंडागांव मार्ग पर की गई, जहां घेराबंदी कर हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-17 केएफ-1120 सवार एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश कुलदीप (38 वर्ष), निवासी फरसगांव, जिला नारायणपुर बताया।
काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 750 मिलीलीटर की 06 नग अंग्रेजी शराब बोतल, 375 मिलीलीटर की 04 नग अद्धी, 180 मिलीलीटर के 45 नग पौवा तथा 500 मिलीलीटर के 25 नग केन बीयर बरामद की गईं। कुल 26.6 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। शराब की कीमत ₹25,000 तथा मोटरसाइकिल की कीमत ₹50,000 आंकी गई। इस प्रकरण में कुल जब्ती मूल्य ₹75,000 रहा।

आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज, अवैध शराब कारोबार पर सख्ती जारी

दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article