महासमुंद रोपवे हादसा: एक और घायल की इलाज के दौरान मौत, सीएम विष्णुदेव साय ने किया मुआवजे का ऐलान

By
Advertisement
Advertisement

खल्लारी मंदिर में हुए रोपवे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 2 हो गई. प्रशासन ने जांच के लिए 3 सदस्स्यीय टीम बनाई है.

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार को हुए रोपवे हादसे में एक और घायल ने दम तोड़ दिया है. घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 47 वर्षीय गोविंद स्वामी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में मृतकों की संख्या अब 2 हो गई है.

रोपवे का केबल टूटने से हादसा

खल्लारी मंदिर में 22 मार्च की सुबह माता के दर्शन कर रोपवे ट्राॅली में रायपुर राजातालाब निवासी ऋषभ धावरे (29) छायांश धावरे (16), आयुषी धावरे (28), मानसी गोडरिया (12), नमिता स्वामी (45), अंशुमिता स्वामी (10) और गोविंद स्वामी सवार होकर नीचे लौट रहे थे. कुछ दूरी तय करने के दौरान अचानक रोपवे का केबल टूटने से ट्राॅली खाई में जा गिरी. वहीं दूसरी ट्राॅली भी स्टेशन से जा टकरायी, इस हादसे में 16 श्रद्धालु घायल हो गए थे.

MAHASAMUND ROPEWAY ACCIDENT

खल्लारी मंदिर में रविवार को हुआ था रोपवे हादसा

रोपवे हादसे में 2 की मौत

इस घटना में पाटन आत्मानंद स्कूल में पदस्थ टीचर आयुषी धावरे की मौत हो गई थी. वहीं उनके पति ऋषभ, छायांश, नमिता अंशुमिता और गोविंद बुरी तरह जख्मी हुए थे. रायपुर के एक निजी अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा था. गोविंद स्वामी की पत्नी नमिता और बेटी अंशुमिता की स्तिथि गंभीर बनी हुई है.

MAHASAMUND ROPEWAY ACCIDENT

इलाज के दौरान गोविंद स्वामी की मौत

मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की

सीएम विष्णुदेव साय ने खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है. उन्होंने श्रद्धालुओं के परिजनों को 5 लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके. सीएम ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है. मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

वही इस पूरे मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने 3 सदस्यीय टीम बनाई है. इस टीम में बागबाहरा SDM, PWD और एसडीओ शामिल है. वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी जांच के लिए 6 सदस्यों की एक टीम गठित की है.

Advertisement
Share This Article