कोरबा में जमीन विवाद ने लिया खौफनाक रूप, बड़े भाई ने डंडे से पीट-पीटकर छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

पसान (कोरबा)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


महुआ बीनकर लौटे पिता ने देखा खून से लथपथ बेटा

जानकारी के अनुसार यह घटना ग्राम सेन्हा (छापर पारा) की है। 2 अप्रैल की दोपहर जब पिता बैसाखुराम यादव महुआ बीनकर घर लौटे, तो उन्होंने अपने छोटे बेटे दयाराम यादव को सड़क किनारे बेहोश और खून से लथपथ हालत में पाया।

मृतक के सिर, नाक, माथे और पीठ पर गंभीर चोट के निशान थे।


जमीन बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा

परिजनों के अनुसार दयाराम यादव और उसके बड़े भाई कल्याण यादव के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना के दिन विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच झगड़ा हो गया और कल्याण यादव ने मारपीट शुरू कर दी।


भागने की कोशिश के दौरान भी हमला जारी

बताया गया कि जान बचाने के लिए दयाराम भागा, लेकिन आरोपी ने घर में रखे डंडे से उस पर लगातार हमला किया। गंभीर चोटों के कारण वह वहीं बेहोश हो गया। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।


पसान पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पसान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और ग्राम रक्षा दल की मदद से घेराबंदी कर आरोपी कल्याण यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article