मॉडिफाई साइलेंसर और तेज रफ्तार बाइक चालक पर लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई, KTM बाइक जब्त

Advertisement

कानफोड़ू आवाज और खतरनाक ड्राइविंग से लोगों को कर रहा था परेशान

रायगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत थाना लैलूंगा पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने और तेज रफ्तार से लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालक पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी KTM बाइक जब्त कर ली है।

हाई स्कूल मेन रोड पर राहगीरों में बन रहा था भय का माहौल

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सरडेगा निवासी अशोक पैंकरा पिता गंगाराम पैंकरा उम्र 24 वर्ष अपनी KTM बाइक क्रमांक GJ-10-CK-7955 के मूल साइलेंसर को बदलकर अत्यधिक तेज आवाज निकाल रहा था। साथ ही लैलूंगा हाई स्कूल मेन रोड जैसे सार्वजनिक स्थल पर लापरवाही से तेज गति में वाहन चलाकर राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशान कर रहा था।

पुलिस निगरानी के बाद युवक को पकड़ा गया

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा युवक की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। 29 अप्रैल 2026 की शाम युवक को लैलूंगा मेन रोड पर उक्त बाइक से तेज गति में घूमते और अनावश्यक शोर उत्पन्न करते पकड़ा गया।

कोलाहल अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट में मामला

जांच में युवक का कृत्य कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 11(2), 15 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 3/181, 5/180, 146/196 का उल्लंघन पाया गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में इस्तगासा पेश किया है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि मॉडिफाई साइलेंसर, तेज आवाज और खतरनाक ड्राइविंग से आमजन को परेशान करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

TAGGED:
Share This Article