5-5 पॉइंट की बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले में हासिल की जीत, हांडावाड़ा रैकेटियर्स उपविजेता
नारायणपुर, 13 सितंबर 2026। अबूझमाड़ में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ABL) सीजन-3 का भव्य समापन 12 सितंबर को आर.के.एम. इंडोर स्टेडियम, रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में हुआ। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल और रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी सहित पुलिस-प्रशासन, सुरक्षा बलों के अधिकारी, खिलाड़ी, टीम मालिक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
फाइनल में बराबरी के बाद हुआ निर्णायक मुकाबला
ABL सीजन-3 का खिताबी मुकाबला कुतुल नाइट राइडर्स और हांडावाड़ा रैकेटियर्स के बीच खेला गया। निर्धारित छह श्रेणियों में हुए मुकाबलों के बाद दोनों टीमों ने 5-5 पॉइंट हासिल किए, जिससे फाइनल का परिणाम बराबरी पर पहुंच गया।
इसके बाद प्रतियोगिता के नियमों के तहत दोनों टीमों के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच निर्णायक मुकाबला कराया गया। इस मुकाबले में कुतुल नाइट राइडर्स ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। हांडावाड़ा रैकेटियर्स को उपविजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा।
ABL सीजन-3 के विजेता
विजेता – कुतुल नाइट राइडर्स
ओनर – अभिजीत शिल एवं डॉ. नवीन कोठारे
प्रथम उपविजेता – हांडावाड़ा रैकेटियर्स
ओनर – पवन सुराना एवं सतीश अग्रवाल
द्वितीय उपविजेता – गरपा जायंट्स
ओनर – लय जैन
छह खिलाड़ियों को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का सम्मान
टूर्नामेंट में अलग-अलग टीमों की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले छह खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के रूप में चुना गया। इनमें हांडावाड़ा रैकेटियर्स के आयुष माखीजा (रायपुर), फरसबेड़ा डिफेंडर्स के श्रेयांश सिन्हा (नारायणपुर), तूलार टाइटन्स के कौशलेन्द्र (सुकमा), गरपा जायंट्स के आर्यन सिंह (बिलासपुर), कुतुल नाइट राइडर्स के अंकुर पांडेय (जगदलपुर) और कछपाल ब्लास्टर्स के मानस भट्टाचार्य (बिलासपुर) शामिल रहे।
वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया हिस्सा
आयोजन के तीसरे दिन वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। पुलिस और विभिन्न सुरक्षा बलों की कुल आठ टीमों ने प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी पेश की।
प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने कोर्ट पर खेल कौशल के साथ टीमवर्क और खेल भावना का प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने पुलिस एवं सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
डीआईजी बीएसएफ की टीम ने जीता वीर स्मृति का खिताब
वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पारिश देशमुख, डीआईजी बीएसएफ और अनिल कुमार, 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया।
कमलोचन कश्यप, डीआईजी और वीरेंद्र चंद्र, निरीक्षक की टीम उपविजेता रही।
खेल के जरिए अबूझमाड़ में सकारात्मक बदलाव का संदेश
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। खेल युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच, सहयोग और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है, ताकि उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
तीन दिनों तक चले ABL सीजन-3 ने अबूझमाड़ में खेल, उत्साह और आपसी सौहार्द का माहौल बनाया। प्रतियोगिता के समापन के साथ ही आयोजन ने खेल के माध्यम से विश्वास और सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।




