“जनता के बीच पहुंची खरसिया पुलिस” : मदनपुर जनचौपाल में नशाखोरी, अपराध और सुरक्षा को लेकर खुलकर हुई चर्चा

Advertisement

पूजा जायसवाल ✍️

ग्रामीणों और पुलिस के बीच सीधा संवाद, गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर बनी रणनीति

खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदनपुर में खरसिया पुलिस द्वारा आयोजित जनचौपाल में पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। जनचौपाल के माध्यम से गांव की सुरक्षा व्यवस्था, बढ़ती नशाखोरी, अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।

ग्रामीणों ने नशे, चोरी और भारी वाहनों की आवाजाही पर जताई चिंता

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने गांव में बढ़ती नशाखोरी, संदिग्ध लोगों की आवाजाही और असामाजिक गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में युवाओं के बीच नशीले इंजेक्शन और टैबलेट की अवैध बिक्री बढ़ रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।

इसके साथ ही रात के समय तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही, चोरी की घटनाएं और सार्वजनिक स्थानों के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों के आसपास निगरानी रखने तथा तहसील कार्यालय के सामने से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की।

SDOP प्रभात पटेल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए दिए आवश्यक निर्देश

कार्यक्रम में SDOP प्रभात पटेल, ASI मनोज पटेल, आरक्षक सविल चंद्रा, किशोर राठौर, बोधराम सिदार सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। वहीं सरपंच, उपसरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।

SDOP प्रभात पटेल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बीट प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव में रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और नशे के कारोबार व अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

“अपराध मुक्त समाज में जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण” — SDOP प्रभात पटेल

SDOP प्रभात पटेल ने कहा कि अपराध और नशे पर नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनता की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या नशे के कारोबार की जानकारी तुरंत और गोपनीय रूप से पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना कर सहयोग का दिया भरोसा

जनचौपाल के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए गांव को अपराधमुक्त बनाने में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

 

Share This Article