महिला से दुष्कर्म मामले में कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Advertisement

रायगढ़, 12 मई।

परिचित रिश्तेदार ने महिला को घर में अकेला पाकर किया दुष्कर्म, धमकी देकर हुआ फरार
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही रायगढ़ पुलिस ने थाना कापू क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना कापू में 10 मई 2026 को स्थानीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 दिसंबर 2025 की शाम वह अपने पति और बच्चों के साथ घर पर थी। इसी दौरान परिचित रिश्तेदार सुधीर किस्पोट्टा उनके घर आया और महिला के पति को पैसे देकर दूसरे गांव शराब लाने के बहाने भेज दिया।

पति के घर से जाते ही आरोपी ने महिला के विरोध के बावजूद किया दुष्कर्म
रिपोर्ट के अनुसार पति के घर से जाने के कुछ समय बाद आरोपी सुधीर किस्पोट्टा ने महिला को अकेला पाकर उसके विरोध के बावजूद बलपूर्वक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
लोकलाज के भय से महिला तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकी, लेकिन बाद में साहस जुटाकर थाना पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई।

रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर भेजा न्यायिक रिमांड पर
महिला की रिपोर्ट पर थाना कापू में आरोपी सुधीर किस्पोट्टा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(f) में अपराध पंजीबद्ध किया गया। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी की तत्काल पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया तथा वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पखनाकोट निवासी 54 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
गिरफ्तार आरोपी सुधीर किस्पोट्टा उम्र 54 वर्ष निवासी पखनाकोट थाना कापू जिला रायगढ़ है। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता—एसएसपी शशि मोहन सिंह
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article