अभियान संवेदना के तहत त्वरित कार्रवाई, धरमजयगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान छेड़खानी का आरोप
रायगढ़। महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कापू पुलिस ने महिला से छेड़खानी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णमोहन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

5 सितंबर को हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय पीड़िता ने 8 सितंबर 2026 को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 5 सितंबर को ग्राम डुमरनारा में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम खम्हार-पुटुकछार निवासी कृष्णमोहन यादव ने उसे अकेला पाकर हाथ-बांह पकड़कर खींचतान करते हुए छेड़खानी की।
परिवार से चर्चा के बाद दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सामाजिक रूप से बेइज्जती महसूस होने के कारण महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में परिवार से चर्चा करने के पश्चात 8 सितंबर को थाना कापू पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला पुलिस अधिकारी ने दर्ज किया बयान
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया। पीड़िता का कथन महिला पुलिस अधिकारी से दर्ज कराया गया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई।
रिश्तेदार के घर से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में आरोपी की पतासाजी की और ग्राम सुपकालो में उसके रिश्तेदार के घर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी पुलिस से बचने के लिए लुक-छिप रहा था, जिसे पुलिस टीम ने हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना करना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही। इसके बाद कृष्णमोहन यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में पुलिस टीम की अहम भूमिका
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी एवं हमराह पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। अभियान संवेदना के तहत कापू पुलिस की इस कार्रवाई में महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई।




