होली पूर्व अवैध शराब पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

जशपुर: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जशपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में ऑपरेशन आघात के तहत विशेष अभियान चलाया गया।

भोर 4 बजे 12 वार्डों में एक साथ दबिश

1 मार्च की सुबह करीब 4 बजे एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली जशपुर, चौकी मनोरा और आरा की टीम सहित 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने जिला मुख्यालय के 12 वार्डों में एक साथ छापेमारी की। डीपाटोली, तेलीटोली, टंकी टोली, गाढ़ाटोली, बरटोली, मस्जिद पारा और रक्षित कॉलोनी समेत संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की गई।

50 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जप्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 50 लीटर से अधिक अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। साथ ही महुआ शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन भी जप्त किए गए। पुलिस ने मौके पर लगभग 5000 किलो महुआ पास (कीमत करीब 20 हजार रुपये) को विधिवत नष्ट कर दिया।

इस कार्रवाई में 2 महिला और 5 पुरुष सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आबकारी एक्ट की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

  • शंभू राम (39), निवासी डीपाटोली
  • बिरजू नायक (55), निवासी बरटोली अटल पारा
  • अजीत नायक (29), निवासी बरटोली
  • राहुल नायक (29), निवासी बरटोली
  • बबीता बाई (32), निवासी कदम टोली
  • लवनती बाई (45), निवासी कदम टोली
  • दिलधर राम (29), निवासी बरटोली

पुलिस के अनुसार लवनती बाई आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है।

थाना आस्ता में भी कार्रवाई

थाना आस्ता क्षेत्र में आरोपी गुरप्रीत साय (26), निवासी बाजारपारा आस्ता, के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, 4.680 लीटर अंग्रेजी व्हिस्की तथा 4 लीटर बियर जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

यातायात नियमों पर भी सख्ती

होली के मद्देनजर जशपुर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी सघन अभियान चलाया है। पिछले दो दिनों में तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और हेलमेट न पहनने जैसे मामलों में 500 प्रकरण दर्ज कर करीब 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया

पुलिस की अपील

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान नशे से दूर रहें और शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं। अवैध शराब के परिवहन, भंडारण या बिक्री में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हुड़दंग और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Share This Article