जशपुर किराना दुकान चोरी कांड का खुलासा, चोरी का माल खरीदने वाले सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

जशपुर। जशपुर पुलिस ने किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ही नहीं, बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, नगदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया है।

शटर का ताला तोड़कर लाखों का सामान ले गए थे चोर

जानकारी के अनुसार, जशपुर निवासी विक्रम ताम्रकार की लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित किराना दुकान में 8 और 9 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। आरोपी दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और हरी केशरी कंपनी के रिफाइन तेल के डिब्बे, चावल, खाद्य सामग्री सहित लगभग एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।

पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

चार विशेष टीमों ने संभाली जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर टीम की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला चौक क्षेत्र के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

झारखंड में बेचा गया था चोरी का सामान

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात को नवाजिश खान के ऑटो से अंजाम दिया गया था। चोरी के बाद सामान को झारखंड के गुमला जिले के ग्राम सकतारा निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झारखंड पहुंचकर चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा (झारखंड) से पकड़ा गया।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • 58 डिब्बा (13 लीटर) रिफाइन तेल
  • 7 बोरी चावल
  • 15 पाउच रिफाइन तेल
  • 34 बोतल सरसों तेल
  • 1 पेटी साबुन
  • 36 पैकेट सिगरेट
  • चोरी की रकम से प्राप्त 1005 रुपये
  • ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736

बरामद कर जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विरेन्द्र भगत (29 वर्ष), नवाटोली जशपुर
  2. अजय रवानी (40 वर्ष), बनिया टोली जशपुर
  3. कार्तिक भगत (26 वर्ष), नवाटोली जशपुर
  4. पमित बरला (20 वर्ष), सरना टोली जशपुर
  5. अमृत लाल केरकेट्टा (50 वर्ष), सकतारा, जिला गुमला (झारखंड) – चोरी का माल खरीदने वाला
  6. नवाजिश खान (34 वर्ष), करबला रोड जशपुर

एसएसपी का बयान

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस ने तकनीकी जांच, साइबर इनपुट और सीसीटीवी की मदद से मामले का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि चोरी एवं ऐसे संगठित अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article