जशपुर: 4-5 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, शरीर के अंग निकालकर बेचने की थी आरोपी की मंशा; 27 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

सन्ना थाना क्षेत्र में खेत के गड्ढे से बोरी में बंद मिला बच्चे का शव, सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाशते हुए आरोपी के मन में आया था खौफनाक विचार

लापता बच्चे की तलाश के दौरान खेत में मिला शव

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे की हत्या करने के बाद उसके शरीर से किडनी, फेफड़ा और आंख निकाल लिए थे। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में बंद किया और खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया। मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार कर लिया है।

5 नवंबर से लापता था मासूम जितेंद्र

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36 वर्ष) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी के सिलसिले में ग्राम सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था।

आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई था और उसका परिवार के घर आना-जाना था। 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी रामजीत और एक अन्य परिचित को शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया था। इसके बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया।

बाद में रामजीत जब घर पहुंचा तो उसका बेटा जितेंद्र गायब था। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ एक खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था।

खेत के गड्ढे में बोरी के अंदर मिला शव

परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा तलाश करते हुए सन्ना गांव के एक खेत में पहुंचे। यहां मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ बच्चे का शव मिला। शव को मिट्टी से हल्का दबाया गया था।

इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाशता था आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था। खेत में सब्जियां उगाने का काम करने के साथ वहीं बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं होने के कारण वह अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर कमाई के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने के जरिए पैसा कमाने का विचार आया।

बच्चे को शराब पिलाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 5 नवंबर को रामजीत के घर के पास से लौटते समय उसे जितेंद्र मिला। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेटों के नीचे ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा।

आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से शराब और मुर्गा खरीदा। वापस लौटकर मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के बाद बच्चा नशे में सो गया, तभी आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

शरीर से निकाले अंग, बाल्टी में रखकर छिपाया

आरोपी ने पुलिस को दिए कथन में बताया कि हत्या के बाद उसने चाकू से बच्चे के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़ा और आंख निकाल ली। इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखा। इसके बाद बच्चे के शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में बंद किया और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया।

आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और बाल्टी को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामग्री जब्त

पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और मृतक के शरीर से निकाले गए अंगों सहित संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में सन्ना थाना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से जुड़ी सामने आई वजह

जशपुर पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी की जल्दी पैसा कमाने की लालसा और इंटरनेट पर गलत तरीके से जानकारी तलाशने के दौरान उसके मन में इस जघन्य अपराध का विचार आया। पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Share This Article