जालौन बिजली विवाद : ग्रामीण ने एसडीओ पर कमरे में बंद कर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Advertisement
Advertisement

कोंच (जालौन)। अधिक बिजली बिल आने की शिकायत लेकर विद्युत कार्यालय पहुंचे एक ग्रामीण ने एसडीओ बिजली विभाग पर कमरे में बंद कर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीण ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

बिल सुधार की समस्या लेकर पहुंचा था ग्रामीण
ग्राम पनयारा निवासी रवि कुमार पुत्र सियाराम ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह सोलर प्लांट लगाकर चक्की चलाता है। बिजली बिल अधिक आने की समस्या को लेकर वह गुरुवार शाम करीब 3 बजे चंदकुआं स्थित बिजली घर के एसडीओ कार्यालय पहुंचा था।

एसडीओ और टेक्नीशियन पर लगाए आरोप
रवि कुमार का आरोप है कि बिल की जांच कराने के दौरान एसडीओ ने उससे चक्की संचालन के नाम पर हर माह रुपये देने की बात कही। उसने बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू किया, जिसके बाद एसडीओ और वहां मौजूद टेक्नीशियन ने कथित रूप से कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया।

ग्रामीण का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, मोबाइल तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी बताया कि इस दौरान उसकी जेब में रखे करीब 35 हजार रुपये भी कहीं गिर गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
रवि कुमार के अनुसार, शोर मचाने पर बाहर मौजूद लोगों ने उसे बचाया, जिसके बाद उसने यूपी-112 पर सूचना दी। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

कोंच कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया दोनों पक्षों में कहासुनी की बात सामने आई है। मारपीट समेत अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article