Jagdalpur Railway News : दीपावली से पहले जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर RPF का विशेष अभियान, डॉग स्क्वॉड के साथ हुई सघन जांच

Advertisement

जगदलपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जगदलपुर ने विशेष जांच अभियान चलाया। 5 नवंबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पार्सल कार्यालय और प्रतीक्षालय की सघन जांच की गई। इस दौरान यात्रियों और उनके सामान की भी तलाशी ली गई।

स्टेशन परिसर में डॉग स्क्वॉड के साथ जांच

RPF पोस्ट जगदलपुर के अधिकारियों और जवानों ने विशेष अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की जांच की। टीम ने ट्रेनों में ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थों के परिवहन को रोकने के उद्देश्य से यात्रियों के सामान की जांच की।

इसके साथ ही यात्रियों को जागरूक करते हुए बताया गया कि ट्रेन में पटाखे, ज्वलनशील और विस्फोटक पदार्थ लेकर यात्रा करना प्रतिबंधित है।

संदिग्ध वस्तु दिखने पर RPF को दें सूचना

RPF निरीक्षक परवीन कुमार ने बताया कि दीपावली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने यात्रियों से रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तत्काल RPF को देने की अपील की।

जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक पदार्थ

RPF निरीक्षक के अनुसार, अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और यात्रियों के सामान की जांच में कोई भी ज्वलनशील अथवा विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। विशेष जांच अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article