5.50 करोड़ रुपये की वसूली और FIR की तैयारी, पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई; गृह मंत्री विजय शर्मा ने दी जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जिले की 24 सड़कों की जांच में 19 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक के अतिरिक्त भुगतान और गड़बड़ियों का खुलासा हुआ है। मामले में 13 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं ठेकेदारों से 5.50 करोड़ रुपये की वसूली और एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
कागजों में पूरी हुई सड़कें, जमीन पर नहीं मिले निर्माण के निशान
जांच में सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के नाम पर सरकारी राशि खर्च की गई, लेकिन कई स्थानों पर सड़कें अधूरी मिलीं तो कुछ जगह निर्माण कार्य का नामोनिशान तक नहीं था। इसके बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में कार्य पूर्ण दर्शाकर भुगतान कर दिया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल के दौरान इन अनियमितताओं का खुलासा हुआ।
13 इंजीनियरों पर गिरी निलंबन की गाज
गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अनियमितताओं के मामले में 13 इंजीनियरों को निलंबित किया गया है। इनमें तीन तत्कालीन कार्यपालन अभियंता, छह सहायक अभियंता और चार उप अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
ठेकेदारों से होगी वसूली, FIR के निर्देश
मामले में संबंधित ठेकेदारों से करोड़ों रुपये की वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं। करीब 5.50 करोड़ रुपये की वसूली के साथ अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी तैयारी है। बीजापुर जिले की 24 सड़कों में सामने आई गड़बड़ी ने ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों की निगरानी और सरकारी धन के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
