खेलते-खेलते गर्म पानी की चपेट में आया मासूम, पुलिस जवानों ने पहुंचाया अस्पताल

By
Advertisement
Advertisement

जगदलपुर के ग्राम हाटपदमुर में दर्दनाक हादसा, सवा साल का बच्चा गर्म पानी गिरने से झुलसा

जगदलपुर। परपा थाना क्षेत्र के ग्राम हाटपदमुर में एक दर्दनाक हादसे में सवा साल का मासूम बच्चा गर्म पानी गिरने से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों ने मदद की गुहार लगाई, जिस पर नानगुर थाना में पदस्थ पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

आंगन में खेल रहा था मासूम, खाना बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार ग्राम हाटपदमुर नानगुर क्षेत्र निवासी राजमन बघेल का पुत्र छोटू बघेल उम्र लगभग एक वर्ष दो माह घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां आंगन में खाना बना रही थी। खेलते-खेलते मासूम ने पास में रखा गर्म पानी हाथ से खींच लिया, जिससे गर्म पानी उसके शरीर पर गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

बच्चे की चीख सुन दौड़े लोग, परिजनों ने मांगी मदद

घटना के बाद बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मासूम की हालत देखकर परिजनों ने तत्काल मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने पर नानगुर थाना में पदस्थ पुलिस जवानों ने बिना देर किए बच्चे को उपचार के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हालत गंभीर होने पर मेकाज रेफर, उपचार के बाद वार्ड में किया गया भर्ती

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेकाज रेफर कर दिया। वहां उपचार के बाद बच्चे को वार्ड में भर्ती कर लिया गया है।

समय पर मदद मिलने से बची जान, परिजनों ने पुलिस जवानों का जताया आभार

मासूम को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर परिजनों ने पुलिस जवानों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

Advertisement
Share This Article