Holkar Stadium Match: होलकर स्टेडियम में शाम 7 बजे होगा मुकाबला, दर्शकों के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग तय; ट्रैफिक पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की अपील की
Indore Traffic Diversion: मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार, 11 अक्टूबर को क्रिकेट मुकाबले को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। होलकर स्टेडियम में शाम 7 बजे भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाना है। मैच को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम के आसपास के मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है। जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, दोपहर 2 बजे से मैच समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इंदौर पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान
मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। दर्शकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के बाद पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।
स्टेडियम की ओर केवल वैध पार्किंग पास वाले वाहनों और आपातकालीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति रहेगी। यातायात के दबाव के अनुसार रीगल चौराहा, गीताभवन और इंडस्ट्री हाउस क्षेत्र में भी डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
स्टेडियम पहुंचने के लिए निर्धारित किए गए रास्ते
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा। वहीं, लैंटर्न चौराहे की ओर से आने वाले दर्शक भी पैदल प्रवेश कर सकेंगे।
पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रवेश मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
इंदौर में इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, लैंटर्न चौराहा, जंजीरवाला चौराहा, घंटाघर, हाईकोर्ट और पलासिया के आसपास सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसके अतिरिक्त, यातायात के दबाव के अनुसार आसपास के प्रमुख चौराहों पर भी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा सकता है। वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
बिना पार्किंग पास वाले दर्शक कहां खड़े करें वाहन?
बिना पार्किंग पास वाले दर्शकों के लिए बाल विनय मंदिर स्कूल, एसजीएसआईटीएस परिसर और पंचम की फेल स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां उपलब्ध स्थान के अनुसार पहले आओ, पहले पार्क करो के आधार पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
वहीं, यशवंत क्लब, अभय प्रशाल, आईटीसी, बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, विवेकानंद स्कूल और आईडीए परिसर में केवल वैध पार्किंग पास वाले वाहनों को पार्किंग की अनुमति रहेगी।
सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की अपील
इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों से निजी वाहनों के बजाय सिटी बस सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, सिटी बसें घंटाघर और हाईकोर्ट चौराहे के आसपास यात्रियों को उतारेंगी। यहां से दर्शकों को पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।
ये रहेंगे प्रमुख वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, रीगल से पलासिया जाने वाले वाहन व्हाइट चर्च और एबी रोड का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, विजय नगर से मरीमाता जाने वाले वाहन एलआईजी, पाटनीपुरा, परदेशीपुरा और कुलकर्णी भट्टा ब्रिज के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
यातायात संबंधी परेशानी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर संपर्क किया जा सकता है। वाहन चालकों और क्रिकेट दर्शकों से अपील की गई है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।
