रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने दिए निर्देश, महिला अपराधों में 60 दिन के भीतर जांच पूरी करने पर जोर
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निराकरण और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार 13 मई 2026 को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुराने लंबित मामलों को विशेष अभियान चलाकर खत्म करने और महिला संबंधी अपराधों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एक माह में पुराने लंबित प्रकरण खत्म करने का लक्ष्य
आईजी राम गोपाल गर्ग ने माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी जिलों को आगामी एक माह के भीतर पुराने लंबित प्रकरण शून्य करने का लक्ष्य दिया।
बैठक में लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। राजपत्रित अधिकारियों को प्रकरणवार मॉनिटरिंग कर जल्द चालान न्यायालय में पेश करने को कहा गया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश
आईजी ने फरार आरोपियों की समीक्षा करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में लंबित गिरफ्तारी पुलिस की कार्यप्रणाली पर असर डालती है, इसलिए अभियान चलाकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
महिला अपराधों में 60 दिन की समय-सीमा पर सख्ती
बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी राम गोपाल गर्ग ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों का त्वरित निराकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आईटीएसएसओ (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के तहत समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए। वहीं 60 दिन की अवधि के भीतर वाले मामलों में लगातार साक्ष्य संकलन कर समय-सीमा के अंदर जांच पूरी की जाए।
बैठक में कई जिलों के एसएसपी और एसपी रहे मौजूद
रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, जांजगीर-चांपा और सारंगढ़ जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने कहा गया।


