कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, मौके पर मची अफरा-तफरी
यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नथिया नवागांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। सभी घायलों को तुरंत कांकेर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चारामा ब्लॉक के उड़कूड़ा गांव के बताए जा रहे मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चारामा ब्लॉक के उड़कूड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
सड़क सुरक्षा संकेतों की अनदेखी से बढ़ा हादसे का खतरा
घटनास्थल के फोटो और वीडियो में यह भी सामने आया है कि यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित जोन है और वहां गति नियंत्रण के संकेत बोर्ड भी लगे हुए थे। इसके बावजूद वाहन चालकों द्वारा लापरवाही बरतने की आशंका जताई जा रही है।
NH-30 पर पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
नेशनल हाईवे-30 पर इससे पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। हाल ही में बस-बाइक टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य हादसे में दो ट्रकों की भिड़ंत में तीन लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसे इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों की पड़ताल जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
