कुड़ेकेला:-रंगों का पावन पर्व होली छाल थाना क्षेत्र में अत्यंत शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। जिला पुलिस कप्तान के कड़े दिशा-निर्देशों और खरसिया अनुविभागीय अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में छाल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल खुशनुमा बना रहा।थाना प्रभारी नसीरुद्दीन खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्यौहार से पहले ही क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण कर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील गांवों को चिह्नित कर लिया था
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन क्षेत्रों में विशेष बल तैनात किया गया था।थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 52 गांवों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लगातार पेट्रोलिंग की। थाना प्रभारी स्वयं टीम के साथ मुस्तैद रहे और ग्रामीणों को शांतिपूर्ण ढंग से होली खेलने की नसीहत दी। पुलिस की इस सक्रियता और कम्युनिटी पुलिसिंग का असर जमीन पर भी देखने को मिला:
नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले हुड़दंगियों के लिए क्षेत्र में कोई जगह नहीं रही। सघन गश्त के कारण क्षेत्र में कहीं से भी किसी छोटी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
पुलिस की अपील पर स्थानीय नागरिकों ने भी अनुशासन का परिचय दिया और रंगों के इस त्यौहार को पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाया।छाल पुलिस की इस प्रभावी कार्यप्रणाली की क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों और आम जनता ने काफी सराहना की है। पुलिस प्रशासन की सजगता के कारण ही इस वर्ष होली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्द की नई मिसाल पेश कर सका।
