जशपुर, Jashpur जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में ‘हेडजेक्सफंड’ नामक नेटवर्क कंपनी के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि ठगी की रकम लाखों में होने की आशंका है।
3 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा
पीड़िता उर्मिला बाई की शिकायत के अनुसार आरोपियों ने खुद को नेटवर्क कंपनी से जुड़ा बताकर 3 महीने में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। भरोसा जीतने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया।
फर्जी वॉलेट और आईडी से बनाया भरोसा
आरोपियों ने निवेशकों को ‘hedgexfund’ के नाम से आईडी और पासवर्ड देकर एक डिजिटल वॉलेट दिखाया, जिसमें रकम डॉलर में प्रदर्शित होती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट अचानक बंद हो गया, तब ठगी का खुलासा हुआ।
लाखों की ठगी, बढ़ सकते हैं पीड़ित
प्रार्थिया और उसके परिवार से ही करीब 2 लाख रुपये लिए गए। जांच में सामने आया है कि कई अन्य ग्रामीण भी इस जाल में फंसे हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ितों की संख्या और ठगी की राशि दोनों बढ़ सकती है।
6 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह शामिल हैं।
मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
कार सहित सामान जब्त
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से Toyota Taisor कार (JH-01FU-9460) भी जब्त की है।
पुलिस की चेतावनी—‘डबल मनी’ के झांसे से बचें
कार्रवाई को लेकर Dr Lal Umed Singh ने कहा कि निवेश के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से अपील की गई है कि “पैसा दोगुना” जैसे झूठे लालच से सावधान रहें।
जांच जारी, और खुलासे संभव
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी और पीड़ित भी सामने आ सकते हैं।
