बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बुधवार को हुए भीषण हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। अवैध संबंध के शक को लेकर एक व्यक्ति ने अपने दो नाबालिग बेटों के साथ मिलकर एक परिवार पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
🔹 घर में घुसकर किया गया हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास को शक था कि उसकी तलाकशुदा पत्नी का गांव के ही शेख सलीम से अवैध संबंध है। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा और उस पर हमला करने की कोशिश की।
🔹 बुजुर्ग महिला की हत्या, कई घायल
आरोपियों ने शेख सलीम के घर में घुसकर परिवार पर तलवार से हमला कर दिया। इस दौरान 65 वर्षीय मुराद बेगम की गंभीर हमले में मौत हो गई। हमले में परिवार के करीब छह सदस्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
🔹 हमले के बाद थाने पहुंचे पीड़ित
हमले के बाद घायल और लहूलुहान अवस्था में पीड़ित परिवार रतनपुर थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
🔹 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
🔹 वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
