उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षरों को साक्षर एवं सशक्त बनाने पर रहेगा जोर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप जिले में 1 से 15 सितंबर 2026 तक साक्षरता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को साक्षर और सशक्त बनाना है, जो स्कूली शिक्षा से वंचित रह गए हैं।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में अभियान की तैयारी
जिले में अभियान का आयोजन कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
1 सितंबर को उल्लास शपथ के साथ होगा शुभारंभ
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि 1 सितंबर को जिले के शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में उल्लास शपथ के साथ साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ होगा। इसके बाद असाक्षरों और स्वयंसेवी शिक्षकों का सर्वेक्षण तथा उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से पोर्टल पर असाक्षरों के पंजीयन का कार्य किया जाएगा।
विद्यालयों में होंगी विभिन्न गतिविधियां
4 सितंबर को विद्यालय स्तर पर साक्षरता संगोष्ठी और ‘अंगूठे से कलम की ओर’ अभियान आयोजित किया जाएगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा।
इसके अलावा साक्षरता चौपाल, चर्चा एवं वाद-विवाद, गीत, नृत्य, पेंटिंग, चित्रकला और मेहंदी जैसी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। ‘सबके लिए शिक्षा’ विषय पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस
8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और विधायक के मुख्य आतिथ्य में साक्षरता के महत्व को लेकर विभिन्न गतिविधियां होंगी।
9 सितंबर को शिक्षक उल्लास शिक्षार्थियों को सीखने में मदद करने वाले मनोरंजक टीएलएम (Teaching Learning Material) का प्रदर्शन करेंगे। 10 सितंबर को वचन दिवस तथा 11 सितंबर को रेडियो जिंगल और लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
डिजिटल एवं व्यावसायिक साक्षरता पर भी जोर
पखवाड़े के दौरान व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता से संबंधित गतिविधियों के साथ उल्लास मेला भी आयोजित किया जाएगा। हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। 15 सितंबर को साक्षरता पखवाड़े का समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नोडल अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने संबंधित नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के जिला नोडल, सहायक जिला नोडल और विकासखंड नोडल अधिकारियों द्वारा अभियान की तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में मुकेश कोरी, संजय गुप्ता, आलोक शुक्ला और राकेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


