Goat Theft Case: बकरी चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य अनीष खान, ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

जशपुर । लोदाम थाना क्षेत्र में देर रात बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों की सतर्कता से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष), निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

रात में वाहन से आए थे आरोपी, बकरी चोरी की वारदात

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी किशुन राम, निवासी लोदाम बैगाटोली ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपने घर में 09 नग बकरा/बकरी पाल रखे थे। 02 जून 2026 की रात उसने जानवरों को गोहार में बांधकर रखा था और सो गया था।

रात करीब 02 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि घर के बाहर एक संदिग्ध वाहन खड़ा है और उसमें से कुछ लोग उतरकर घूम रहे हैं। जब प्रार्थी बाहर निकला तो देखा कि घर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ था। इसके बाद गोहार की जांच करने पर पाया गया कि एक बकरा और एक बकरी चोरी हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा एक आरोपी

इसी दौरान ग्रामीणों और कोटवार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अनीष खान बताया। उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी और वारदात में इस्तेमाल किए गए टांगी, मोबाइल, टॉर्च व टेप आदि सामान बरामद किए गए। उसके अन्य साथी वाहन से मौके से फरार हो गए।

कुख्यात बादी (नट) गिरोह से जुड़ा आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुख्यात बादी (नट) गिरोह से जुड़ा है और अपने साथियों के साथ सीतापुर से वाहन में आकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 38/2026, धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी सघन तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

एसएसपी का बयान

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सतर्कता से एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया है। अन्य फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

 

Advertisement
Share This Article