अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में आज दिनांक 20/02/26 को आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने ली। परेड के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट, वेशभूषा और प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण किया गया और मधुर धुन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस तरह की परेड से न केवल अनुशासन में सुधार होता है, बल्कि पुलिसकर्मियों के मनोबल को भी बढ़ावा मिलता है।
डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का निरीक्षण कर सभी शासकीय वाहनों के रखरखाव और ड्राइवर डायरी नियमित रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस शस्त्रागार और स्टोर शाखा का निरीक्षण कर आर्म्स और एम्युनेशन के सुरक्षित रखरखाव और रिकार्ड मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश जारी किए।

अधिकारियों और जवानों की सुविधा के लिए खुले गए पुलिस कल्याण कैन्टीन और पुलिस बैंक का लाभ लेने के लिए भी उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.), रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित 146 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से सरगुजा पुलिस ने न केवल अपने कर्मचारियों के प्रदर्शन को सम्मानित किया बल्कि प्रशासनिक दक्षता, वाहन और शस्त्र रखरखाव में सुधार के लिए भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

