महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर कोचिंग डिपो का किया निरीक्षण, सुरक्षा और अग्नि संरक्षा पर दिए कड़े निर्देश

By
Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्थित कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर यात्री सुरक्षा, अग्नि संरक्षा और कोच अनुरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिट लाइन, पावर कारों की तकनीकी स्थिति और विभिन्न मेंटेनेंस कार्यों का जायजा लिया।

सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पावर कार इंजनों के लंबित शेड्यूल कार्य समय पर पूरे किए जाएं और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा से जुड़े विद्युत परीक्षणों को नियमित रूप से करने और तकनीकी खामियों की गहन जांच करने के निर्देश दिए।

तकनीकी उपकरण हमेशा उपलब्ध रखने के निर्देश

महाप्रबंधक ने कहा कि मल्टीमीटर, टोंग टेस्टर और थर्मल स्कैनर जैसे आवश्यक उपकरण हर समय उपलब्ध रहने चाहिए, ताकि लूज कनेक्शन, ओवर करंट और हॉट स्पॉट जैसी तकनीकी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सके। इसके साथ ही ऑन बोर्ड स्टाफ के लिए जरूरी स्पेयर और उपभोग्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

यात्रियों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान

उन्होंने पिट लाइन से रेक निकासी से पहले रेक लॉकिंग सुनिश्चित करने तथा यार्ड में खड़ी रेकों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रेनों के प्रस्थान से पहले कोच खोलने और प्री-कूलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

तीनों मंडलों में विशेष सुरक्षा ऑडिट के निर्देश

निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी तीनों मंडलों में रेकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

 

Advertisement
Share This Article