GGU में शुरू हुआ Gen-Z Post Office, युवाओं को मिलेंगी हाईटेक डाक और वित्तीय सेवाएं

Advertisement
Advertisement

रिपोर्टर अभिषेक कुमार पाण्डेय

कैफे-स्टाइल माहौल के साथ ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग, बीमा और फिलाटेली की सुविधा एक ही जगह

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में भारतीय डाक विभाग ने युवाओं को ध्यान में रखते हुए ‘Gen-Z Post Office’ की शुरुआत की है। आधुनिक सुविधाओं से तैयार इस केंद्र को पारंपरिक डाकघर की तुलना में युवा-केंद्रित स्वरूप दिया गया है। यहां डाक सेवाओं के साथ ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, वित्तीय सेवाओं और फिलाटेली से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

कुलपति ने किया उद्घाटन

केंद्र का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पत्र केवल कागज पर लिखे शब्द नहीं, बल्कि भावनाओं और स्मृतियों से जुड़े माध्यम हैं। उन्होंने नए केंद्र को विद्यार्थियों को आधुनिक डाक सेवाओं और विभिन्न वित्तीय योजनाओं से जोड़ने वाला मंच बताया।

कैफे जैसा माहौल, युवाओं के लिए सुविधाजनक डिजाइन

Gen-Z Post Office को विद्यार्थियों की जरूरतों और बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। केंद्र में वातानुकूलित और आरामदायक वेटिंग स्पेस बनाया गया है, ताकि युवा यहां आसानी से डाक एवं अन्य सेवाओं का उपयोग कर सकें।

ई-कॉमर्स और स्टार्टअप के लिए लॉजिस्टिक्स सुविधा

विश्वविद्यालय परिसर में ऑनलाइन कारोबार या स्टार्टअप गतिविधियों से जुड़े विद्यार्थियों के लिए पार्सल और लॉजिस्टिक्स सेवाओं को भी इस केंद्र का हिस्सा बनाया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने उत्पादों को देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजने के लिए डाक विभाग के नेटवर्क का उपयोग कर सकेंगे।

बैंकिंग और बीमा सेवाओं पर भी फोकस

केंद्र में विद्यार्थियों को बचत और बीमा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को शुरुआती स्तर पर वित्तीय योजनाओं और डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है।

फिलाटेली के जरिए इतिहास और संस्कृति से जुड़ाव

Gen-Z Post Office में फिलाटेली के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। डाक टिकटों के संग्रह और उनके ऐतिहासिक महत्व से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से फिलाटेली संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय और डाक विभाग की साझी पहल

इस परियोजना को विश्वविद्यालय और बिलासपुर डाक संभाग के समन्वय से विकसित किया गया है। कार्यक्रम में बिलासपुर डाक संभाग की मार्केटिंग हेड सुनीता द्विवेदी के समन्वय और कुलसचिव अश्विनी दीक्षित के सहयोग का उल्लेख किया गया। प्रवर अधीक्षक बी.एल. जांगड़े ने इस पहल के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक राजपाल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट गुलनाज नसरीन खान, सहायक अधीक्षक गणेश राम देवांगन एवं अरुण तिवारी सहित विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article