प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर पेंड्रा ब्लॉक में हुई बैठक, घर-घर जाकर आवेदन भरवाने की रणनीति
पेण्ड्रा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बढ़े हुए बिजली बिलों को वापस लेने तथा स्मार्ट मीटरों के विरोध में चलाए जा रहे अभियान को तेज करने के लिए पेंड्रा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशान्त श्रीवास ने की।
घर-घर जाकर भरवाए जाएंगे आवेदन
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशान्त श्रीवास ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें मिल रही हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसे उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाकर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगी। उन्होंने ब्लॉक प्रमुखों और कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
जनहित का अभियान : राकेश जालान
नगरपालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से आम लोग आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को दर्ज कराने और अभियान को सफल बनाने की अपील की।
अभियान की रूपरेखा पर हुई चर्चा
बैठक में अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर आवेदन भरवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनीष केसरी, सांसद प्रतिनिधि अजीत श्याम, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती जलेश सिंह सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




