तरबूज की आड़ में गांजा तस्करी, 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

महासमुंद। जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तरबूज की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पिकअप वाहन और एक कार को जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिकअप वाहन में ऊपर तरबूज लादकर उसके नीचे गांजे की बोरियां छिपाकर ले जा रहे थे। तस्करी को सुरक्षित अंजाम देने के लिए एक कार आगे-आगे चल रही थी, जिसमें सवार चार लोग रास्ते पर नजर रख रहे थे और पुलिस की गतिविधियों की सूचना पीछे चल रहे पिकअप वाहन तक पहुंचा रहे थे।

सूचना पर हुई घेराबंदी

थाना प्रभारी संतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर से एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। साथ ही एक कार उसके आगे सुरक्षा के लिए चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान संदिग्ध कार और उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोका गया। पिकअप में तरबूज भरा हुआ था, लेकिन शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली।

तलाशी में खुला राज

तलाशी के दौरान तरबूज के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियां बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने मौके से पिकअप और कार दोनों को जब्त कर लिया।

कार में सवार चारों लोग और पिकअप में मौजूद दो लोगों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार आरोपी उत्तर प्रदेश और दो मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हैं।

Share This Article