रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक: 18 अगस्त 2026
कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
बिलासपुर। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की निजी और सामुदायिक समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न लोगों ने अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन कलेक्टर को सौंपे। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
रतनपुर में पर्यटक सहयोग केंद्र खोलने की मांग
जनदर्शन में रत्नदेव साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष ने रतनपुर में पर्यटक सहयोग केंद्र स्थापित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि रतनपुर को तालाबों एवं मंदिरों की नगरी के रूप में जाना जाता है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति ने पर्यटन सहयोग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। समिति ने इस कार्य में निःशुल्क सहयोग देने की भी बात कही है।
स्कूल सफाई कर्मियों ने मानदेय भुगतान की समस्या उठाई
छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष श्री विद्यानंद निर्मलकर ने स्कूल सफाई कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले के स्कूलों में कार्यरत सफाई कर्मियों को समय पर मानदेय नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समय पर मानदेय भुगतान की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी।
निजी भूमि से ट्रांसफार्मर और विद्युत तार हटाने की मांग
बेलतरा निवासी राजकुमार जायसवाल ने अपनी निजी भूमि से ट्रांसफार्मर एवं विद्युत प्रवाहित तार हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी निजी भूमि पर सीएसपीडीसीएल द्वारा ट्रांसफार्मर का खंभा लगाया गया है और विद्युत प्रवाहित तार भी गुजारा गया है। उन्होंने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
गुन्डी नाला से अवैध कब्जा हटाने की मांग
ग्राम पंचायत बैमा के सचिव, सरपंच एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर गुन्डी नाला में अशोक साहू द्वारा किए गए कथित अवैध बेजा कब्जे को हटाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार नाला में मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया गया है। इससे बस्ती का पानी निकासी वाले नाले में जाने में भी परेशानी हो रही है।
दो साल से भुगतान नहीं मिलने की शिकायत
तखतपुर के लिदरी निवासी शिवशंकर सप्रे ने बताया कि वे लिदरी स्थित कृष्ण कुंज गार्डन में पिछले दो वर्षों से चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, लेकिन उन्हें विगत दो वर्षों का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया और लंबित भुगतान दिलाने की मांग की।
क्षतिग्रस्त नहर को पक्का बनाने की मांग
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर के ग्रामीणों ने चांपी जलाशय चपोरा, ग्राम लालपुर की नहर को पक्का कराने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में नहर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण पानी गांव तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है। नहर के बीच से टूटे हिस्से के कारण पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों ने नहर के निर्माण एवं मरम्मत की मांग की।
अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


